पंतनगर/रुद्रपुर – केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। बुधवार को पंतनगर एयरपोर्ट से नौकुचियाताल के लिए पहली हेली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नारियल फोड़कर सेवा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि हेली सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा। उन्होंने बताया कि इस सेवा के माध्यम से देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल जैसे प्रमुख स्थानों तक कम समय में पहुंचा जा सकेगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि इस सेवा से आम लोगों को सुविधा के साथ समय की भी बचत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की योजना पर काम चल रहा है, जिससे भविष्य में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट के विस्तार से औद्योगिक क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इस अवसर पर प्रशासन और एयरपोर्ट से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे।











