‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत असामाजिक तत्वों पर शिकंजा, पुलिस पूरी तरह सतर्क…..

नैनीताल पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित नैनीताल भ्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने हल्द्वानी स्थित पुलिस बहुदेशीय भवन सभागार में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।

बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और इंटेलिजेंस से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग, एंटी-सबोटाज जांच और वाहनों का गहन सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, वीआईपी सुरक्षा के तहत बीडीएस टीमों की तैनाती और DFMD के माध्यम से प्रभावी फ्रिस्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई है। सभी प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा, जबकि पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि किसी प्रकार की भीड़भाड़ न हो। हेलीपैड क्षेत्र में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम और रिहर्सल ड्रिल के निर्देश दिए गए हैं।

निगरानी के लिहाज से सोशल मीडिया और मैन्युअल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। इसके साथ ही जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, ढाबों और सराय की सघन चेकिंग करने तथा आवश्यक चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों (QRT) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उन्हें अपनी ड्यूटी का पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें