रुद्रपुर – रुद्रपुर के आनंदखेड़ा नंबर एक में आयोजित अखंड महानाम संकीर्तन महोत्सव में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने प्रतिभाग करते हुए संकीर्तन का आनंद लिया और महामंत्र का जाप कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से आई कीर्तन मंडलियों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। मानमुक्ति, जय जगन्नाथ, कृष्णदासी, ब्रजेश्वरी और गोपी कृष्ण सम्प्रदाय की मंडलियों ने संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने संकीर्तन का आनंद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।











