उधम सिंह नगर – उत्तराखंड राज्य हज समिति और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल से पंडित राम सुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कालेज में हज टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब मालिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
खतीब मालिक ने कहा कि उत्तराखंड हज समिति लगातार हज यात्रियों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास में अग्रसर है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार केंद्रीय हज समिति और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार हाजियों के टीकाकरण के लिए राज्य के प्रमुख चिकित्सालयों का चयन किया गया।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इस शिविर में कुल 142 हाजियों का टीकाकरण और मेडिकल निरिक्षण सफलतापूर्वक किया गया। वहीं काशीपुर जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में 130 हाजियों का टीकाकरण और चिकित्सीय जाँच की गई।
सदस्य मुफ़्ती मन्नान रज़ा ने जानकारी दी कि जल्द ही कुमाऊं और गढ़वाल में हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों के लिए एक प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें हज यात्रा में आने वाली प्रक्रियाओं और जरूरी मसाइल के बारे में हाजियों को जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हज अधिकारी मोहम्मद अहसान, सदस्या तरन्नुम ख़ान, एडवोकेट सैयद नदीम ज़ैदी और स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित अन्य कई अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य हाजियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करना और उनकी हज यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाना बताया गया।











