हल्द्वानी- जनपद नैनीताल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। उप निरीक्षक अविनाश मौर्य व टीम ने लामाचौड़ तिराहे के पास चेकिंग के दौरान चंद्र किरण पत्नी पूरन चंद्र सागर, निवासी नाथूपुर पाड़ली, लामाचौड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वारंटियों पर भी सख्ती
इसके साथ ही मुखानी पुलिस ने सघन अभियान चलाते हुए बीते दो दिनों में तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पृथ्वीराज थापा, पप्पू हड्डी, मोहम्मद अशरफ अली और बृजेश कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ संबंधित मामलों में कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल कुंदन शाही और महिला कांस्टेबल वर्षा यादव शामिल रहे।











