आँचल दुग्ध संघ में ध्वजारोहण, पद्म भूषण पर जताया गर्व….

लालकुआँ आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में 77वाँ गणतंत्र दिवस राष्ट्रभक्ति, उत्साह और उल्लास के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। संघ के प्रशासनिक भवन प्रांगण में अध्यक्ष मुकेश बोरा द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके उपरांत राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की लोकतांत्रिक विजय और पद्म भूषण से सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी का गौरव उत्तराखंड के लिए आत्मगौरव, शक्ति और राष्ट्रभक्ति की साझा ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समस्त उत्तराखंडवासियों के लिए गर्व और आत्मसम्मान का विषय है।

मुकेश बोरा ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्र की सामूहिक शक्ति का प्रतीक है, वहीं भगत सिंह कोश्यारी का सार्वजनिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, सादगी, सिद्धांतनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल रहा है। उनका योगदान उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक शक्ति है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आँचल दुग्ध संघ से संबद्ध 692 दुग्ध समितियों एवं पांच अवशीतन केंद्रों में भी गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। पद्म भूषण सम्मान की घोषणा से इस पर्व की गरिमा और उल्लास और अधिक बढ़ गया है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष ने दुग्ध संघ के कामगारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कहते हुए 1 जनवरी से कामगारों की वेतन वृद्धि में 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने के सकारात्मक निर्णय की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति संकल्प लेकर ही देश निरंतर प्रगति कर सकता है। वहीं प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के माध्यम से देश को मिली नई दिशा का स्मरण कराता है और देश की संप्रभुता व एकता की रक्षा का संकल्प दिलाता है। अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा एवं संजय सिंह भाकुनी ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल, गोविंद सिंह मेहता, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी स्टोर खलील अहमद, प्रभारी इंजीनियरिंग राजू दुमका, प्रभारी लैब रमेश आर्या, प्रभारी उत्पादन उमेश राणा, प्रधान सहायक युगल किशोर, डॉ. रमेश मेहता, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, सुरेश चंद्र, विजय चौहान, अवर अभियंता दिनेश कुलौरा सहित दुग्ध संघ के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें