घास–लकड़ी लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, नैनीताल में दर्दनाक मौत….

नैनीताल – उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में गुलदार के हमले की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। खन्स्यु क्षेत्र के चमोली गांव से लगे जंगल में घास और लकड़ी लेने गई एक महिला को गुलदार ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं मवेशियों के लिए चारा और चूल्हे के लिए सूखी लकड़ियां लेने जंगल गई थीं। कुछ समय बाद सभी महिलाएं गांव लौट आईं, लेकिन एक महिला के वापस न आने पर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। खोजबीन के दौरान जंगल में महिला के क्षत-विक्षत अवशेष मिले, जिससे गुलदार के हमले की पुष्टि हुई। मौके पर पहुंचे नितिन पंत (आरओ) ने भी गुलदार के हमले की पुष्टि की है।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ममता चंद (एसडीओ) ने बताया कि बार-बार चेतावनी और जागरूकता के बावजूद लोग घने जंगलों में घास और लकड़ी लेने जा रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल वन विभाग द्वारा क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है और हमलावर गुलदार को चिन्हित कर पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।

लगातार हो रहे गुलदार और भालू के हमलों से पहाड़ी क्षेत्रों में मानव–वन्यजीव संघर्ष गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गुलदार को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें