हल्द्वानी- हल्द्वानी में एक बार फिर बेखौफ चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त और तथाकथित स्मार्ट पुलिसिंग की पोल खोलकर रख दी है। मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर दुकान के पीछे बने रास्ते से भीतर दाखिल हुए और वहां से सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दुकान के बगल में चल रहे निर्माण कार्य का चोरों ने पूरा फायदा उठाया, जिससे उनकी गतिविधियों पर किसी की नजर नहीं पड़ी।
सुबह जब दुकान स्वामी प्रतिष्ठान पहुंचे तो शटर खुला देख उनके होश उड़ गए। अंदर का नजारा देख चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद तुरंत मुखानी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है, लेकिन लगातार बढ़ती चोरी की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।











