नैनीताल पुलिस लाइन में राष्ट्रीय एकता दिवस की धूम, एडीजी ने दिलाई एकजुटता की शपथ

नैनीताल – लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य एकता परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) उत्तराखंड एपी अंशुमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही उत्कृष्ट सेवाओं और विशिष्ट कार्यों के लिए जनपद के छह पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एपी अंशुमान द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव को मजबूत किया। उनका जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुटता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना भी है।

छह पुलिसकर्मियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क से किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने सेवा के आधार पर एवं विशिष्ट कार्यों के लिए जनपद नैनीताल के छह पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से अलंकृत किया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक जानकी वर्मा, अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र राम और आरक्षी शंकर नाथ शामिल रहे।

इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड ग्राउंड में परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों की जनसेवा के कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी और विभिन्न पुलिस इकाइयों के प्रभारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त जिले के सभी थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों और अन्य इकाइयों में भी संबंधित प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें