विजयपुर-पहाड़पानी सड़क निर्माण को लेकर सांसद ने सचिव वन से की वार्ता

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल के विकासखंड हल्द्वानी के विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में तब्दील करने से जुड़े वन भूमि प्रकरण को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट से मुलाकात की। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण का मामला रखते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किमी 0.000 से किमी 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है। मार्ग निर्माण के लिए करीब 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

ग्रामीणों ने वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी सांसद को सौंपा। पत्र में संबंधित वन भूमि के प्रत्यावर्तन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून से सैद्धांतिक एवं विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

सांसद ने सचिव वन से की वार्ता

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु से पत्राचार किया और दूरभाष पर भी मामले की जानकारी ली। उन्होंने विजयपुर गांव के ग्रामीणों की समस्या के समाधान तथा प्रस्तावित सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वन भूमि प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ होगा। मोटर मार्ग बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें