हल्द्वानी – उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने स्वागत किया है। उन्होंने वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के पट्टेदारों और कब्जाधारकों को भूमिधरी अधिकार प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश में वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि पर वर्षों से रह रहे लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। सरकार ने जनता की भावनाओं और उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इससे हजारों परिवारों को उनकी भूमि पर वास्तविक मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ होगा।
लालकुआं के लोगों को भी मिलेगा लाभ
मंत्री कैड़ा ने जनपद नैनीताल के नगर पंचायत लालकुआं में संबंधित पट्टेदारों और कब्जाधारकों को संक्रमणीय भूमिधर अधिकार प्रदान करने तथा वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण (रेग्युलराइजेशन) संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने का भी स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि लालकुआं सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में खाम लैंड, वर्ग-3 और वर्ग-4 की जमीन पर लोग लंबे समय से निवास कर रहे हैं। इन परिवारों की भावनाओं और उनकी वर्षों पुरानी समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
हजारों परिवारों को मिलेगा स्थायित्व
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भूमिधरी अधिकार मिलने से संबंधित परिवारों को अपनी भूमि पर कानूनी और स्थायी अधिकार प्राप्त होगा। इससे उनके जीवन में स्थायित्व आएगा और वे अपनी संपत्ति को लेकर अधिक सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी अधिकार मिलने से स्थानीय स्तर पर विकास की गतिविधियों को भी गति मिलेगी। लोग अपनी संपत्ति के संबंध में वैधानिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ा सकेंगे और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनहित में लगातार फैसले ले रही सरकार
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और संवेदनशील फैसले ले रही है। सरकार का उद्देश्य लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि वर्ग-3, वर्ग-4 और खाम लैंड से जुड़े लोगों की भावनाओं को समझते हुए लिया गया यह निर्णय सरकार की जनहितैषी सोच को दर्शाता है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री धामी और पूरी कैबिनेट का आभार व्यक्त किया।











