1. नैनीताल में भारी भीड़ के बीच ट्रैफिक प्लान सख्त, सड़कों पर उतरे पुलिस अधिकारी

नैनीताल – बड़े वीकेंड और श्री कैंची धाम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था के चलते नैनीताल जनपद में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी आमद हो रही है। नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल समेत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था की कमान संभाल ली है। प्रमुख मार्गों, चौराहों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है।

यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं सड़कों पर उतरे और विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर यातायात एवं रूट व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

आज शाम पांच बजे से वन-वे व्यवस्था

पुलिस की ओर से जारी विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत 3 अक्टूबर की शाम पांच बजे के बाद यातायात को वन-वे व्यवस्था में संचालित किया जाएगा। भीमताल तिराहे की ओर से वाहनों को हल्द्वानी की ओर एग्जिट कराया जाएगा।

वहीं, शाम 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को करीब तीन घंटे तक नियंत्रित अथवा रोका जाएगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों से लौट रहे वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता देते हुए यातायात को सुचारु कराया जाएगा।

रविवार को छह घंटे पहाड़ की ओर यातायात रहेगा बंद

रविवार 4 अक्टूबर को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम से नैनीताल, भीमताल और भवाली की ओर जाने वाले यातायात को छह घंटे के लिए नियंत्रित किया जाएगा। हाईडल तिराहा, नरीमन तिराहा और काठगोदाम थाना क्षेत्र से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही इस अवधि में रोकी जाएगी।

इस दौरान नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और भवाली की ओर से हल्द्वानी-काठगोदाम आने वाले वाहनों के एग्जिट को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से रविवार शाम चार बजे के बाद पहाड़ की ओर जाने के बजाय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

अधिकारी भी सड़कों पर, संभाल रहे यातायात

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, सीपीयू और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर तैनात हैं।

प्रमुख चौराहों, डायवर्जन प्वाइंट और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी लगातार यातायात नियंत्रित कर रहे हैं। सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है, ताकि वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो और जाम की स्थिति पैदा न हो।

कैंची धाम में शटल सेवा, पार्किंग की व्यवस्था

कैंची धाम और अन्य प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं से निजी वाहनों का दबाव कम करने के लिए कार-पूलिंग का इस्तेमाल करने तथा शटल सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की जा रही है।

पुलिस की श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील

  • वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
  • सड़क किनारे वाहन पार्क कर यातायात बाधित न करें।
  • वन-वे और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।
  • अनावश्यक ओवरटेक और गलत लेन का इस्तेमाल न करें।
  • कैंची धाम आने वाले श्रद्धालु शटल सेवा का प्रयोग करें।
  • यातायात और स्थानीय पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते यातायात दबाव के बीच प्राथमिकता एग्जिट ट्रैफिक को सुचारु रखने की है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लें और पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही अपने मार्ग का चयन करें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें