बेतालघाट में जनगणना 2027 का प्रशिक्षण सम्पन्न….

जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बेतालघाट तहसील में सुपरवाइजर और प्रगणकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। ब्लॉक कार्यालय बेतालघाट के सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी और व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

समापन अवसर पर चार्ज अधिकारी पंकज जोशी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न किया जाना चाहिए। सहायक चार्ज अधिकारी असलम अली ने भी सभी से समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान रजिस्टर कानूनगो बनवारी लाल ने नजरी नक्शे से संबंधित जानकारी दी, जबकि जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर एम नेगी ने ऑनलाइन माध्यम से महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। फील्ड ट्रेनर महेंद्र सिंह भाकुनी ने प्रतिभागियों को बताया कि घर-घर जाकर उत्तरदाताओं से प्रश्न किस प्रकार पूछे जाएंगे और मोबाइल ऐप में जानकारी कैसे दर्ज की जाएगी।

नोडल अधिकारी एवं फील्ड ट्रेनर राजेंद्र पांडे ने जनगणना प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक उत्तरदाता से 33 प्रश्नों के उत्तर लिए जाएंगे और उनकी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तरदाताओं के साथ विनम्र और अनुशासित व्यवहार बनाए रखना बेहद जरूरी है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने लघु नाटिका के माध्यम से घर-घर सर्वे की प्रक्रिया को समझा और ग्राम पंचायत में जाकर मोबाइल ऐप के जरिए डेटा संग्रहण का अभ्यास भी किया। इस प्रशिक्षण में विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी और सभी सुपरवाइजर व प्रगणक मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुचारु, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संपन्न करना है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें