स्कूलों, आंगनबाड़ियों और मदरसों में चलेगा स्वास्थ्य अभियान….

ऊधम सिंह नगर – जनपद में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ के के अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का मुख्य दिवस 7 मई 2026 तथा मॉप-अप दिवस 14 मई 2026 निर्धारित किया गया है।

इस अभियान के तहत जनपद के सरकारी, गैर-सरकारी, प्राइवेट स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, मदरसों, डिग्री कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को निशुल्क एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। इस बार जनपद में कुल 6,03,960 बच्चों को दवा देने का लक्ष्य तय किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जो बच्चे मुख्य दिवस पर दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 मई को आयोजित मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी। उम्र के अनुसार दवा की खुराक भी निर्धारित की गई है, जिसमें छोटे बच्चों को गोली पीसकर और बड़े बच्चों को चबाकर खिलाई जाएगी।

विशेषज्ञों के मुताबिक पेट में कीड़े होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण और थकान जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर असर पड़ता है। एल्बेंडाजोल दवा इन समस्याओं से बचाव कर बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा दवा लेने से वंचित न रहे। साथ ही बच्चों को दवा खाली पेट न देने की सलाह भी दी गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें