नैनीताल – चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला 12 अप्रैल की रात का है, जब देवपुर सनवाल निवासी एक व्यक्ति के घर में चोरी हुई थी। इस संबंध में 13 अप्रैल को थाना चोरगलिया में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। पतारसी-सुरागरसी के दौरान पुलिस ने चोरगलिया क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो गीजर, एक पानी की मोटर, एक छत का पंखा, 17 जोड़ी कपड़े और एक स्कूटी बरामद की गई। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। स्कूटी के वैध दस्तावेज न मिलने पर उसे सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।











