हल्द्वानी – मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 16 वर्षीय किशोरी के गर्भवती पाए जाने के बाद परिजनों की शिकायत पर पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले किशोरी की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां जांच में वह करीब दो माह की गर्भवती पाई गई। इस खुलासे के बाद परिजनों ने जब किशोरी से पूछताछ की तो उसने पड़ोस में रहने वाले युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
तहरीर के आधार पर मुखानी थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच की जा रही है। साथ ही, साक्ष्य जुटाने के लिए डीएनए परीक्षण की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
उधर, पीड़िता के परिजनों ने गर्भपात के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत इस पर निर्णय लिया जाएगा।











