जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, तमंचा बरामद….

कालाढूंगी – नैनीताल पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते कार सवार युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की थी।

घटना 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे चकलुवा क्षेत्र की है, जहां लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपनी कार से ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने जानलेवा हमला करते हुए अपनी ट्रैक्टर से उनकी कार को कई बार टक्कर मारी। हमले में हिमांशु और उनके साथी घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने 1 अप्रैल को नैनीताल मार्ग से आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और एक अवैध 315 बोर तमंचा बरामद हुआ। अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जानलेवा हमले और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें