चम्पावत – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को नई गति देते हुए ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹7.12 करोड़ की 4 योजनाओं का लोकार्पण और ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचेगा और चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प साकार होगा।
इस दौरान गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भी विधिवत अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो हर नागरिक में राष्ट्रसेवा की भावना जगाता है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है। साथ ही ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़कर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। वहीं, शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम का निर्माण भी जारी है।
कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।











