छात्रों के दो गुट भिड़े, B.Tech छात्र की गई जान—देहरादून में सनसनी….

देहरादून – उत्तराखंड की राजधानी Dehradun में छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प ने एक युवक की जान ले ली। Uttaranchal University के B.Tech छात्र दिव्यांशु जटराणा की फावड़े और लाठी-डंडों से हमले में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, दिव्यांशु जटराणा मूल रूप से Muzaffarnagar का निवासी था और पढ़ाई के लिए देहरादून आया हुआ था। सोमवार (23 मार्च) की रात करीब 8:30 बजे वह प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गया था, जहां पहले से मौजूद छात्रों के दूसरे गुट से उसका विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई और इसी दौरान दिव्यांशु पर फावड़े से जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दून अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस खराब होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में 15 नामजद और अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ हत्या, दंगा और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी Pramod Kumar ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें