कुमाऊं आयुक्त ने ली तैयारियों की बैठक, सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश….

हल्द्वानी – आगामी 21 मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नैनीताल जनपद भ्रमण और राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में सर्किट हाउस हल्द्वानी में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई।

आयुक्त ने बताया कि हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करें।

बैठक में मंच निर्माण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, शौचालय, वीआईपी एवं मीडिया बैठने की व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभा स्थल तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी को सैक्टरवार जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल के लिए टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत रखने पर जोर दिया गया।

नगर निगम को नियमित सफाई अभियान चलाने, लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत करने और मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी लगाने की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद आयुक्त ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी नैनीताल और उधमसिंह नगर, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें