देहरादून– उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेशभर में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर फिर महसूस होने लगा। बदरीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को बर्फबारी हुई। केदारनाथ में कड़ाके की ठंड के बीच पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहकर अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। यहां तापमान शून्य से नीचे चला गया है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। ज्योतिर्मठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, चमोली और पोखरी समेत अन्य क्षेत्रों में भी बारिश के बाद हल्की ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने, तेज बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश से जंगलों में लगी आग पर भी काबू पाया गया है। प्रदेश में करीब 23 स्थानों पर जंगल की आग बारिश के कारण बुझ गई है। मुख्य वन संरक्षक वनाग्नि नियंत्रण सुशांत पटनायक के अनुसार बारिश से जंगलों में नमी बढ़ेगी और आने वाले समय में वनाग्नि की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। इधर देहरादून में हल्की से मध्यम बारिश के बाद शहर की आबोहवा भी साफ हो गई। बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 100 से नीचे आ गया। रविवार को दून का AQI 87 दर्ज किया गया, जिससे लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिली।











