राष्ट्रीय लोक अदालत में समझौते से निपटे हजारों मामले, करोड़ों रुपये का सेटलमेंट….

उधम सिंह नगर – उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद उधम सिंह नगर के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिकंदर कुमार त्यागी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

राष्ट्रीय लोक अदालत का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र कुमार सागर के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय एवं बाह्य न्यायालयों को मिलाकर कुल 21 लोक अदालत पीठों का गठन किया गया, जिनमें विभिन्न न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भाग लिया।

लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर के कुल 3339 मामलों को चिन्हित किया गया, जिनमें से सभी 3339 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 5 करोड़ 65 लाख 80 हजार 932 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया।

इसके अलावा विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों में से 5744 मामलों का भी लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण किया गया, जिनमें 10 करोड़ 39 लाख 11 हजार 559 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट हुआ।

लोक अदालत की विभिन्न पीठों में द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मीना देउपा, अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अनिता गुंजियाल, सिविल जज सीनियर डिवीजन गुंजन सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुद्रपुर जयेंद्र सिंह सहित कई न्यायिक अधिकारियों ने मामलों का निस्तारण किया।

इस दौरान वादकारियों, अधिवक्ताओं और आमजन की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र कुमार सागर द्वारा उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी कराई गई।

लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध हुआ तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें