किसानों की आय बढ़ाने का मंच बना पंतनगर का किसान मेला: सीएम धामी….

पंतनगर – गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। गांधी हॉल में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों और वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के महत्व पर जोर दिया।

मेला परिसर पहुंचने पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मेले में लगी विभिन्न प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और प्रदर्शनी लगाने वाले किसानों तथा छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी हॉल के बाहर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित चार दिवसीय किसान मेला किसानों के लिए ज्ञान और तकनीक का महत्वपूर्ण मंच है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेले से केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और नेपाल के किसान भी लाभान्वित होते हैं। यहां किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण और वैज्ञानिकों की सलाह मिलती है, जिससे वे अपनी खेती को बेहतर बनाकर आय में वृद्धि कर सकते हैं।

चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि उपकरणों और विभिन्न नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई गई है, जो किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें