दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी, डीएम ने दिए प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश….

रुद्रपुरजनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों को ठोस और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ओवरलोडिंग पर संयुक्त प्रवर्तन अभियान

जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख मार्गों और चेकपोस्टों पर नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा।

एआरटीओ और एसपी क्राइम को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए, स्पीड मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रभावी चालान कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ड्रंक ड्राइविंग पर जीरो टॉलरेंस

मदिरा पान कर वाहन चलाने की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीएम ने नियमित ब्रीथ एनालाइजर जांच अभियान चलाने और दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सत्यापन अभियान होगा पुनः शुरू

जिलाधिकारी ने पूर्व में संचालित सत्यापन अभियान को आगामी सोमवार से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस व्यापक सत्यापन प्रक्रिया से अवांछित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित होगी और अवैध अतिक्रमण जैसे मामलों में विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को अभियान को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा गया।

होली और रमज़ान को लेकर सतर्कता

निकट भविष्य में होली और रमज़ान जैसे पवित्र त्यौहारों को देखते हुए डीएम ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सभी समुदायों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय एवं संवाद बनाए रखने को कहा गया, ताकि आपसी सौहार्द और शांति बनी रहे।

शस्त्र सत्यापन और भूमि विवाद निस्तारण के निर्देश

डीएम ने अवैध शस्त्रों के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने तथा लाइसेंसी शस्त्रों का समय-समय पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को द्विपक्षीय भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष और विधिसम्मत निस्तारण करने तथा अनावश्यक विलंब से बचने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय, एसपी क्राइम जितेन्द्र चौधरी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह (वर्चुअल), सीओ प्रशांत कुमार, एआरटीओ मोहित कोठारी, प्रभारी खनन अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अंत में स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और जनपद में दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सतत प्रयास जारी रहेंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें