20 और 25 सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा, लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

हल्द्वानी – मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में 12 अक्टूबर की देर शाम विकास भवन सभागार में 20 सूत्री और 25 सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

40 में से 36 मदों में ‘ए’ श्रेणी

20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद में कुल 40 मदों में से 36 मदों में ‘ए’ श्रेणी, तीन मदों में ‘बी’ श्रेणी और एक मद में ‘डी’ श्रेणी प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि पिछले माह 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत नैनीताल जनपद की प्रदेश में तीसरी रैंकिंग रही थी।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें और जिन मदों में सुधार की आवश्यकता है, उन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

25 सूत्री कार्यक्रम की भी समीक्षा

बैठक में 25 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की अद्यतन प्रगति का आकलन करने और निर्धारित लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन के मानकों के अनुरूप कार्यों में प्रगति लाने पर जोर दिया।

अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र

बैठक में राजस्व, खनन और जिला प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण उनकी प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि 20 सूत्री और 25 सूत्री कार्यक्रमों के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने कहा कि विभागीय प्रगति में सुधार लाकर जनपद की स्थिति बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी गंभीरता से प्रयास करें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें