टेढ़ाघाट – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, टेढ़ाघाट में बुधवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। डॉ. वीपी सिंह के निर्देशन में आयोजित शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा नियमित जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार की सलाह
शिविर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत डॉ. शैलजा पांडेय ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को समय पर आयरन और कैल्शियम की गोलियां लेने, संतुलित आहार अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
सीएचओ रविंद्र और सीएचओ श्रवण ने मरीजों की निःशुल्क ब्लड प्रेशर (बीपी) और ब्लड शुगर की जांच की। वहीं, एएनएम मंजू ने बच्चों का निःशुल्क टीकाकरण किया।
निःशुल्क एक्सरे की सुविधा भी मिली
शिविर में संजीव जोशी और उनके सहयोगी कमल जोशी ने निःशुल्क एक्सरे की सुविधा उपलब्ध कराई। प्रधान प्रेम प्रकाश ने ग्रामीणों को शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर रीना, फार्मासिस्ट अनीता, आशा फैसिलिटेटर धनु तथा आशा कार्यकर्ता नथिया देवी, सीमा देवी और सुषमा देवी भी मौजूद रहीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने शिविर के संचालन में सहयोग किया।
ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।











