हल्द्वानी में देर रात पुलिस का एक्शन, 70 वाहन कार्रवाई की जद में

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अराजक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए हल्द्वानी शहर में देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार की अगुवाई में रिजर्व पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग की।

अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों, अनावश्यक घूम रहे लोगों और युवकों की भी जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई की। देर रात चले अभियान में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 70 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि 10 वाहन सीज किए गए।

पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले छह चालकों को पकड़ा। इसके अलावा वाहनों में ब्लैक फिल्म लगाने के पांच मामलों में कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान शस्त्र अधिनियम के तहत भी एक कार्रवाई की गई।

प्रमुख चौराहों पर चला अभियान

पुलिस टीमों ने तिकोनिया, कुल्यालपुरा, नरीमन, कोलटैक्स और ताज चौराहा समेत शहर के प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की। पुलिस ने देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों और वाहनों की तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

अभियान में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी समेत चौकी प्रभारियों और थाना पुलिस की टीमें शामिल रहीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ नशे में वाहन चलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें