जाम से स्थायी राहत की ओर हल्द्वानी, दो अहम सड़क परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

नैनीताल/हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जिले की दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। दोनों परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि पहली परियोजना के तहत लालकुआं में करीब सात किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाना प्रस्तावित है। यह बाईपास बरेली रोड स्थित नगला से शुरू होकर वन विकास निगम के डिपो तक जाएगा। NHAI से स्वीकृति मिलने के बाद अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना से जुड़ी अग्रिम कार्रवाई शुरू की जाएगी।

गोला पुल के आगे 8.4 किमी फोरलेन

दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना गोला पुल के आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोरलेन में तब्दील करने से संबंधित है। करीब 8.4 किलोमीटर लंबे बाईपास/फोरलेन प्रस्ताव को NHAI से In-Principle यानी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी एजेंसी को इस परियोजना की DPR तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

शहर के भीतर घटेगा भारी वाहनों का दबाव

दोनों परियोजनाओं को हल्द्वानी और कुमाऊं की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बाईपास और फोरलेन का निर्माण पूरा होने के बाद भारी वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे हल्द्वानी में यातायात का दबाव घटने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही नैनीताल और कुमाऊं आने-जाने वाले पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों को भी सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों परियोजनाएं क्षेत्र की भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए महत्वपूर्ण हैं और इनके क्रियान्वयन से सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

NHAI की सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद अब दोनों परियोजनाओं की DPR तैयार होने का इंतजार है। इसके बाद भूमि, तकनीकी और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें