हल्द्वानी – जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर डंडे लहराने और कथित तौर पर आमजन में भय का माहौल पैदा करने का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों का पता लगाया। पुलिस ने जांच के दौरान कुल 15 युवकों की पहचान की, जिनमें आठ बालिग और सात नाबालिग शामिल हैं।
आठ बालिगों पर कार्रवाई, वाहन किए सीज
पुलिस के अनुसार चिन्हित आठ बालिग युवकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज किया गया है।
पुलिस द्वारा चिन्हित बालिग युवकों में दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।
सात नाबालिगों की काउंसलिंग
पुलिस ने सात नाबालिग युवकों के परिजनों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की। साथ ही परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी है।
एसएसपी का दो टूक संदेश
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की अराजकता, सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद वायरल वीडियो से जुड़े मामले में कार्रवाई होने से कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।










