डकैतीकांड में एक और गिरफ्तारी, आरोपी के कब्जे से लूटी चेन और नकदी बरामद

हल्द्वानी – गोरापड़ाव में हुई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने सुरागरसी, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी को 5 सितंबर को गलफार गेट, चोरगलिया से दबोचा। उसके कब्जे से लूटी गई पीली धातु की एक चेन और 15 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद अम्बा विहार, तीनपानी निवासी नारायण दास की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

तहरीर के मुताबिक, हथियारबंद बदमाशों ने गोरापड़ाव तीनपानी में शोरूम के पीछे स्थित कार्यालय और गैराज में डकैती डालकर करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चेन और अंगूठियां लूट ली थीं। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 284/2026 के तहत धारा 310(2) बीएनएस में अभियोग दर्ज कर विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई थी।

50 सदस्यीय विशेष टीम ने संभाली थी जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की थी। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी समेत विभिन्न थाना प्रभारी, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञ शामिल किए गए थे।

घटनास्थल की जांच के लिए बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की भी मदद ली गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस और सुरागरसी के माध्यम से आरोपियों की पहचान शुरू की।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह, अफजल मलिक, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या नौ हो गई है।

चेन और 15 हजार रुपये बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा (32) पुत्र दर्शन सिंह, निवासी वार्ड नंबर आठ, गणेश मंदिर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक पारदर्शी प्लास्टिक डिब्बे में रखी पीली धातु की गले की चेन तथा 500-500 रुपये के 30 नोट, कुल 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, संतोष बिष्ट और कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें