नैनीताल – मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने बुधवार को धारी और भीमताल ब्लॉक के विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में शिक्षकों की गंभीर लापरवाही सामने आई, जबकि दूसरे विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
सीडीओ ने सबसे पहले हेड़िया गांव स्थित विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां कुल 13 बच्चे अध्ययनरत पाए गए, लेकिन पिछले तीन दिनों से विद्यालय में एक भी शिक्षक मौजूद नहीं था। जानकारी में सामने आया कि दोनों नियमित शिक्षक अवकाश पर हैं और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत भेजे गए शिक्षक हरीश चंद्र पाठक भी बिना सूचना अनुपस्थित मिले।
इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र जंगली जानवरों के आतंक से प्रभावित है और ऐसी स्थिति में बच्चों को असुरक्षित छोड़ना बेहद गंभीर लापरवाही है। उन्होंने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भेज दी।
इसके बाद सीडीओ ने धारी ब्लॉक स्थित संत सोमवारी महाराज राजकीय इंटर कॉलेज पदमपुरी का निरीक्षण किया। यहां कुल 306 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत पाए गए और सभी शिक्षक उपस्थित मिले। विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर सीडीओ ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 12 के विद्यार्थियों की क्लास भी ली और छात्रों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने, बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही शिक्षकों को विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।











