एप्रोच रोड और पुल कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता पर खास जोर….

हल्द्वानीनैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद Ajay Bhatt ने गुरुवार को गौला पुल के सुरक्षात्मक कार्य और उससे जुड़ी एप्रोच रोड निर्माण का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामनगर-कालाढूंगी-चोरगलिया मार्ग पर शेरनाला में निर्माणाधीन आरसीसी मोटर पुल की प्रगति का भी जायजा लिया।

सांसद ने बताया कि करीब 8.92 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह मोटर पुल क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। यह सड़क हल्द्वानी से लेकर आदि कैलाश, चंपावत, पिथौरागढ़, धारचूला और नेपाल सीमा तक आवागमन का प्रमुख मार्ग है, इसलिए यहां पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) को निर्देश दिए कि शेष कार्य 25 जून तक हर हाल में पूरा कर मानसून से पहले पुल पर यातायात सुचारू किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

सांसद ने गौला रेलवे क्रॉसिंग पर चल रहे सड़क कार्यों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष मानसून में गौला पुल और एप्रोच रोड को भारी नुकसान पहुंचा था, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए पुनर्निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने सूर्या नाला क्षेत्र का भी जायजा लिया और वहां मोटर पुल निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मेयर गजराज सिंह बिष्ट, ध्रुव रौतेला, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता आशुतोष, बबीता सक्सेना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें