रुद्रपुर – भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रुद्रपुर स्थित जिला कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटकर स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने जनसंघ से लेकर वर्तमान तक पार्टी की यात्रा और अंत्योदय की विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं राम प्रकाश गुप्ता, उत्तम दत्ता, डा. रामवीर सिंह, संजीव खन्ना और शैली फुतेला को सम्मानित भी किया गया।
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि स्थापना दिवस हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और आत्मचिंतन का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं के त्याग से विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
महापौर विकास शर्मा ने भाजपा को राष्ट्र पुनर्निर्माण का मिशन बताते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को सरकारें साकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में देश और रुद्रपुर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं और कार्यकर्ता गर्व के साथ संगठन का हिस्सा हैं।
प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने कहा कि दो सीटों से शुरू हुआ पार्टी का सफर आज देशव्यापी हो चुका है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को प्राथमिकता दी है और सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
इस मौके पर दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेतृपाल मौर्य, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, परवेस खान, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री गजेंद्र प्रजापति, प्रमोद मित्तल, कार्यालय मंत्री मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर, सोशल मीडिया संयोजक अक्षय गेहलोत समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में पार्टी के नेताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।











