देहरादून – चर्चित रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में दसवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, 3-4 अप्रैल 2026 की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपियों शांतनु त्यागी और काविश त्यागी को गिरफ्तार किया था। इस दौरान काविश त्यागी के पैर में गोली लगी थी। इन गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल 10 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी (75) सुबह अपने साढ़ू और एक साथी के साथ तुलाज ग्रीन सोसाइटी स्थित घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से करीब 200 मीटर दूर ही मसूरी रोड पर दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवक आपस में फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस पहले ही रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक, संदीप कुमार, आदित्य चौधरी, आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दसवें आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मामले में बड़ी प्रगति मानी जा रही है।
घटना के बाद देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजपुर रोड गोलीकांड के बाद शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुबह के समय भी पुलिस टीम मॉर्निंग वॉक करने वालों से बातचीत कर सुरक्षा का फीडबैक ले रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।











