हल्द्वानी में अपराध समीक्षा, ड्रग्स माफिया पर कड़ा एक्शन…..

हल्द्वानी- उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं की प्रगति और पुलिस कार्यप्रणाली का गहन आकलन किया गया। बैठक के दौरान एडीजी ने विशेष अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थानों के नियमित निरीक्षण, लंबित मालों के सत्यापन और ई-साक्ष्य, NATGrid व अन्य पोर्टलों पर डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

महिला अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती
एडीजी ने महिला अपराधों की विवेचना में देरी पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता से निपटाया जाए। वहीं, नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़े तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और उनकी संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

गुमशुदा और अज्ञात शवों पर फोकस
बैठक में गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाने और अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए। एडीजी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के साथ प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी नैनीताल, एसएसपी ऊधमसिंह नगर सहित दोनों जनपदों के पुलिस अधिकारी और क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

 

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें