मुखानी कोतवाली में निरीक्षण, प्रो-एक्टिव पुलिसिंग पर जोर…….

हल्द्वानी- कोतवाली मुखानी में अर्द्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली और सुरक्षा तंत्र की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार ने पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता परखी और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कोतवाली की कार्यप्रणाली को मजबूत करना, पुलिस बल की दक्षता बढ़ाना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाना रहा।

शस्त्र अभ्यास और दंगा नियंत्रण पर जोर
सीओ ने पुलिसकर्मियों से शस्त्र ड्रिल और बलवा ड्रिल करवाई। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों को देखते हुए नियमित अभ्यास कराया जाए ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

डिजिटल रिकॉर्ड और अभिलेख अपडेट रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कार्यालयी अभिलेखों की समीक्षा करते हुए सभी रिकॉर्ड को समय पर अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही CCTNS, ई-साक्ष्य मॉड्यूल, सीएम हेल्पलाइन सहित सभी ऑनलाइन पोर्टल्स पर डेटा फीडिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा गया।

विवेचनाओं और मालखाने के निस्तारण पर फोकस
सीओ ने लंबित विवेचनाओं को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मालखाने में रखे माल-मुकदमाती के शीघ्र निस्तारण के लिए न्यायालय के माध्यम से कार्रवाई तेज करने को कहा।

महिला हेल्पडेस्क को लेकर सख्ती
महिला हेल्पडेस्क के निरीक्षण के दौरान शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सम्मेलन में दिए अहम निर्देश
निरीक्षण के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में सीओ ने पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने, रात्रि गश्त तेज करने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने पर जोर दिया। इसके अलावा नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी समेत चौकी प्रभारी, विवेचक और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें