उत्तराखंड साहित्य गौरव: साहित्यकारों की रचनात्मकता से समृद्ध हो रही राज्य की संस्कृति….

देहरादून – मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड भाषा संस्थान द्वारा आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलग-अलग विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान साहित्य भूषण से डॉ. जितेन ठाकुर को नवाजा गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को उत्तराखंड दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार से सम्मानित किया।

साहित्य नारी वंदन सम्मान के तहत प्रो. दिवा भट्ट, उत्कृष्ट बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला, उत्तराखंड मौलिक रचना पुरस्कार में डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान, शीशपाल गुसाई, और उत्कृष्ट कुमाऊंनी एवं गढ़वाली साहित्य के लिए तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को सम्मानित किया गया। साथ ही युवा कलमकार प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. जितेन ठाकुर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे हिंदी साहित्य जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सभी सम्मानित साहित्यकारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी रचनात्मकता राज्य की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को समृद्ध करने के साथ नई पीढ़ी तक भी पहुंचा रही है।

यह समारोह राज्य के साहित्यिक विकास और सांस्कृतिक समृद्धि में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसने उत्तराखंड के साहित्य जगत को एक नई ऊर्जा और पहचान दी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें