अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अगुवाई में अहम फैसले, बजट को मिली मंजूरी….

हल्द्वानी – नैनीताल जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने की।

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक की कार्यवाहियों की पुष्टि की गई। इसके बाद वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 77 करोड़ 48 लाख 11 हजार रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बजट और अहम प्रस्तावों पर चर्चा

बैठक में जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के किराए की दरों को पुनरीक्षित करने पर विचार किया गया। साथ ही जिला पंचायत सदस्यों ने अपने मानदेय में वृद्धि की मांग रखी, जिस पर अध्यक्ष ने प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए शासन को भेजने का आश्वासन दिया।

किसानों की सुरक्षा पर फोकस

वन क्षेत्रों से सटे गांवों में जंगली जानवरों से किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ (फेंसिंग) कराने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।

विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

जिला पंचायत द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।

स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण पर विशेष जोर

अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और कूड़ा निस्तारण के लिए ठोस नीति बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और रीसाइक्लिंग सुनिश्चित की जाए।

पार्किंग और दुकानों के किराए पर भी चर्चा

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने और जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाली दुकानों के किराए में वृद्धि के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न क्षेत्रीय सदस्य मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें