हल्द्वानी – शहर के जज फार्म क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां 43 वर्षीय महिला का शव घर के भूतल पर पंखे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने अवसाद से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है।
मृतका की पहचान विमला सती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ पिछले करीब दस वर्षों से किराए के मकान में रह रही थीं। गुरुवार सुबह जब उनका बेटा उन्हें कमरे में नहीं मिला तो उसने तलाश शुरू की। इस दौरान पड़ोसियों की मदद से भूतल के कमरे में झांकने पर विमला का शव चुनरी के फंदे से लटका दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, कमरे से बरामद सुसाइड नोट में विमला ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है और मानसिक तनाव का जिक्र किया है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अवसाद से जूझ रही थीं।
दरअसल, करीब नौ महीने पहले उनके पति कौशल कुमार सती ने भी आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में था और विमला मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पति की मौत के बाद परिवार को मकान मालिक और अन्य लोगों का सहयोग मिला था। बावजूद इसके, विमला अवसाद से उबर नहीं सकीं। अब इस घटना के बाद परिवार में बुजुर्ग सास और मासूम बेटा ही बचे हैं, जिसकी जिम्मेदारी अब दादी पर आ गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









