नैनीताल – शहर में बुधवार की शाम तेज रफ्तार, स्टंट और लापरवाही के चलते एक के बाद एक कई सड़क हादसे सामने आए, जिनमें कई लोग घायल हो गए। इन घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मल्लीताल क्षेत्र में पालिका बाजार के पास कैंडल व्यापारी जगदीश चंद्र तिवारी को तीन नाबालिग स्कूटी सवारों ने टक्कर मार दी। हादसे में उनका पैर गंभीर रूप से टूट गया और उन्हें बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, तल्लीताल निवासी पार्थ साह को हनुमानगढ़ी जाते समय एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें भी अस्पताल में उपचार दिया गया।
एक अन्य घटना में जू रोड निवासी 22 वर्षीय युवक अनस तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए मॉल रोड पर फिसल गया, जिसमें उसे हल्की चोटें आईं।
इसके अलावा डीएसबी कॉलेज की छात्रा नमीरा भी हादसे का शिकार हुई, जब उसे ले जा रहा बाइक चालक मार्शल कॉटेज मार्ग पर गिर गया। हादसे में छात्रा के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
बीते दिनों भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की भी तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हो चुके हैं, जिससे स्थिति की गंभीरता और बढ़ गई है।
लगातार हो रहे हादसों से नैनीताल, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर समेत पूरे जिले में लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस, आरटीओ और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि तेज रफ्तार और लापरवाही पर लगाम लगाई जा सके।











