उत्तराखंड – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशन में एसटीएफ ने हथियार तस्करों के खिलाफ भयंकर कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए। यह कार्रवाई उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने में महत्वपूर्ण साबित हुई है।
एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं ने कोतवाली जसपुर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से दो अभियुक्तों शमशेर सिंह (39 वर्ष) निवासी हजीरा, थाना जसपुर और सिमरनजीत (37 वर्ष) निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा को जसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 02 पंप एक्शन गन, 02 पिस्टल (.32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एसटीएफ ने बताया कि अभियुक्त शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) से हथियार लाए थे और इन्हें जसपुर में बेचने की योजना थी। पूछताछ में पता चला कि हथियारों को फर्जी लाइसेंस बनाकर आगे बेचा जाना था। गिरफ्तार सिमरनजीत थाना पुलभट्टा का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसटीएफ ने पिछले 2 सप्ताह में अवैध हथियारों के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई की है। सिर्फ 10 दिनों में पांच कुख्यात अपराधियों को दबोचकर 06 अवैध तमंचे, 02 पंप एक्शन, 02 पिस्टल और 31 कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।
एसटीएफ और कोतवाली जसपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध हथियार तस्करी पर प्रशासन पूरी तरह पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की गुनाह की छुट नहीं दी जाएगी।
इस कार्यवाही में एसटीएफ और कोतवाली जसपुर की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिसमें निरीक्षक पावन स्वरुप, विकास कुमार, विनोद चंद्र जोशी, विपिन चंद्र जोशी सहित कई अधिकारी और आरक्षी शामिल थे।











