दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, नैनीताल बैंक के मैनेजर समेत चार की मौत…..

नैनीताल / मुरादाबाद – सोमवार सुबह दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में नैनीताल बैंक के रीजनल मैनेजर दयाल सिंह रावत समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव सरियाताल और परिचितों में गहरा शोक फैल गया।

हादसे का विवरण

पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह लगभग 6 बजे मुंडा पांडे मुरादाबाद थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास हुआ। रामपुर की दिशा से आ रही एक कार अचानक आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित किया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने बाद में जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। कार चालक यशदीप पांडे गंभीर रूप से घायल है।

हादसे में मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग हल्द्वनी से दिल्ली जा रहे थे। मृतकों में शामिल हैं—

  • दयाल सिंह रावत, सरियाताल नैनीताल, नैनीताल बैंक के रीजनल मैनेजर
  • सुंदर सिंह, टनकपुर के खालखेड़ा निवासी
  • भुवन सिंह भंडारी, सोमेश्वर अल्मोड़ा निवासी
  • चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है

दयाल रावत का जीवन संघर्ष

दयाल रावत सरियाताल ज्योलिकोट के निवासी थे। साधारण किसान स्व. कुंवर सिंह के पुत्र दयाल रावत ने अपने कठिन परिश्रम और लगन के दम पर बैंकिंग क्षेत्र में ऊँचाई हासिल की और नैनीताल बैंक में रीजनल मैनेजर के पद तक पहुंचे। उन्होंने रविवार को अपने गांव में एक नामकरण संस्कार में भाग लिया था।

अंतिम संस्कार और शोक

दयाल रावत का पार्थिव शरीर मंगलवार को चित्राशिला घाट में अंतिम संस्कार के लिए लाया जाएगा। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। पूरे क्षेत्र में उनके असमय निधन से शोक और संवेदना का माहौल है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें