झनकईया मेले से जुड़ी बचपन की यादें साझा कर बोले धामी, हर साल रहता था इंतजार

झनकईया – झनकईया मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले से जुड़ी अपनी बचपन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि झनकईया मेले से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और बचपन में उन्हें हर साल इस मेले का बेसब्री से इंतजार रहता था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बचपन में वह अपने साथियों के साथ मेले में आते थे और जलेबी, सिंघाड़े सहित विभिन्न पकवानों का आनंद लेते थे। उस समय मेले में झूलों की संख्या भी अधिक हुआ करती थी। उन्होंने कहा कि मेले की रौनक और इससे जुड़ी यादें आज भी उनके मन में ताजा हैं।

मुख्यमंत्री ने झनकईया मेले को क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसमें सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के पूरनपुर, गभिया, रामनगर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं, लखीमपुर, मैलानी और सीतापुर से भी बड़ी संख्या में व्यापारी और लोग पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि मेले में थारू समाज के लोगों की विशेष भागीदारी रहती है। समाज के पारंपरिक रीति-रिवाज, लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत इस आयोजन को विशिष्ट पहचान देते हैं। इसके अलावा बंगाली और पंजाबी समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता भी मेले की विशेषता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों को एक-दूसरे की संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करता है। मेले में सुबह से लेकर देर शाम और रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय व्यापारियों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिहाज से भी ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें