पूर्वांचल समाज की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध कर रहा छठ महापर्व : राजकुमार ठुकराल

रुद्रपुर – छठ महापर्व के अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न छठ पूजा घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागिता की। उन्होंने पूर्वांचल समाज के लोगों को महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूर्व विधायक ठुकराल रविवार देर शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं के बीच समय बिताया। सोमवार तड़के भी उन्होंने छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य की उपासना में भाग लिया तथा भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान वह ग्राम प्रेमनगर, ग्राम कनटोपा, भगवानपुर, आदित्यनाथ झा इंटर कॉलेज खेड़ा, संतोषी माता मंदिर, रविंद्रनगर धोबीघाट, झील, ट्रांजिट कैंप फुटबॉल मैदान, जगतपुरा द्वितीय और अटरिया मंदिर स्थित छठ पूजा घाटों पर पहुंचे। विभिन्न स्थलों पर श्रद्धालुओं और पूर्वांचल समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने व्रती माताओं और बहनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा छठी मैया से सभी परिवारों की खुशहाली की प्रार्थना की।

महापर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार निर्जला व्रत रखकर छठी मैया की आराधना की। पूजा सामग्री से सजे दउरा और सूप के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। यह भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना के साथ त्याग, तपस्या, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। व्रती माताएं और बहनें कठिन निर्जला व्रत रखकर जिस श्रद्धा और समर्पण के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना करती हैं, वह हमारी समृद्ध धार्मिक परंपरा का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज ने अपनी मेहनत, लगन और सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से रुद्रपुर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध किया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ महापर्व पर दिखाई देने वाला उत्साह सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का सुंदर उदाहरण है। इस पर्व पर सभी समाजों के लोग मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा और पूजा की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।

पूर्व विधायक ने कामना की कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो। उन्होंने क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द कायम रहने की कामना करते हुए समस्त पूर्वांचल समाज और क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें