टक्कर के बाद कार चालक फरार, बेलपड़ाव हादसे में कोटाबाग और गिनती गांव के दो युवकों की मौत

बेलपड़ाव/कालाढूंगी – कालाढूंगी क्षेत्र के बेलपड़ाव में शुक्रवार देर रात कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सीएचसी रामनगर भिजवाया। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

रात 9:31 बजे मिली दुर्घटना की सूचना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:31 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि आईआरबी बेलपड़ाव से कुछ पहले कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही चौकी और थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

डियर डोना रिजॉर्ट से करीब 100 मीटर पहले सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त कार संख्या T 06264 UK 0600 C और डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या UK04H 5498 क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। बाइक सवार दोनों युवक मौके पर मृत पाए गए।

दोनों मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों में गौरव बजवाल पुत्र पुष्कर बजवाल निवासी धामड़देव, कोटाबाग और दर्शन सिंह निवासी गिनती गांव शामिल हैं। पुलिस ने दोनों शवों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भिजवा दिया।

कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें