मरीजों को अनावश्यक रेफर न करें चिकित्सक, गंभीर मामलों में ही भेजें उच्च केंद्र: कैड़ा

भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सकों की तैनाती और मरीजों को दिए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों से स्वास्थ्य सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उचित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इमरजेंसी मरीजों को भीमताल में ही मिले बेहतर उपचार

मंत्री ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर सीएचसी भीमताल में ही समुचित उपचार दिया जाए। सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं और ऐसी आपातकालीन परिस्थितियों में, जिनका उपचार अस्पताल में संभव है, मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों में रेफर न किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल अत्यंत गंभीर स्थिति में, जब मरीज को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता हो, तभी चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया जाए।

पहाड़ी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता

कैड़ा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। भीमताल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा मिले और आपातकालीन स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्वास्थ्य सेवाएं देने को कहा। मंत्री ने दोहराया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर मजबूत होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास है कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें