मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ नैनीताल पुलिस का अभियान

हल्द्वानी – शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हीरानगर क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे करीब 15 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे वाहन चालकों को रोका गया, जिनकी गाड़ियों में तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और अत्यधिक ध्वनि वाले हॉर्न लगे हुए थे।

तेज आवाज वाले साइलेंसर और हॉर्न उतरवाए

पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 15 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान वाहनों में लगे मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न उतरवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए।

पुलिस ने वाहन चालकों से कंपनी निर्मित सामान्य ध्वनि वाले साइलेंसर लगवाए। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को उनके स्वामियों के सुपुर्द किया गया।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। यातायात नियमों का पालन करें और ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें