अलीगढ़ तक पहुंचाई जानी थी चरस? 908 ग्राम बरामदगी के बाद पुलिस जांच में जुटी

चम्पावत – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 908 ग्राम अवैध चरस के साथ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर चरस के कथित सप्लायर के रूप में सामने आए एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी टीम ने किरोड़ा नाले की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 908 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अलीगढ़ निवासी आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमसुद्दीन पुत्र होशियार खान, निवासी नूर नगर, भुजपुरा, थाना कोतवाली नगर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में की है। मामले में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की ओर से कोतवाली टनकपुर में एफआईआर संख्या 70/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

₹45 हजार में चरस खरीदने की बात आई सामने

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चम्पावत जिले के पाटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेतड़ा, भेंसर्ग देवीधूरा निवासी जमन सिंह से 45 हजार रुपये में चरस खरीदने की बात बताई। आरोपी के कथन के अनुसार, वह 25 अक्टूबर को चरस लेने आया था और रात में जमन सिंह के घर रुका था। अगले दिन 26 अक्टूबर को वह वापस अलीगढ़ जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर जमन सिंह के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। मामले में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शमसुद्दीन ने अलीगढ़ में चरस तस्करी से जुड़े एक मामले में पूर्व में सजा होने और इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर होने की जानकारी दी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।

एसओजी टीम रही शामिल

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल मोहम्मद नासिर, तपेंद्र जोशी, महेंद्र डंगवाल (सर्विलांस), कांस्टेबल ललित चौधरी, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार, संजय कुमार और राजकुमार शामिल रहे।

चम्पावत पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने नशामुक्त देवभूमि के लक्ष्य को लेकर तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें