रामनगर – उम्र के इस पड़ाव पर जहां अधिकांश लोग शारीरिक गतिविधियों से दूरी बनाने लगते हैं, वहीं रामनगर निवासी सेवानिवृत्त कर्नल डॉ. दिनेश बिष्ट ने 70 वर्ष की उम्र में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर फिटनेस और अनुशासन की प्रेरक मिसाल पेश की है। उन्होंने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 में हिस्सा लेते हुए 10 किलोमीटर की दौड़ एक घंटा 18 मिनट में पूरी की।
रविवार को आयोजित मैराथन में देशभर से 12 हजार से अधिक धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने सुबह 5:30 बजे मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सेना में सर्जन रहे हैं कर्नल बिष्ट
कर्नल दिनेश बिष्ट सेना के जाने-माने सर्जन रहे हैं। उनके सैन्य जीवन में चिकित्सा सेवा के साथ साहस और कर्तव्यनिष्ठा की भी मिसाल देखने को मिलती है। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने मोर्चे पर दुश्मन का सामना करने के साथ घायल सैनिकों का उपचार कर उन्हें नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्नल बिष्ट सामाजिक और पूर्व सैनिकों से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग रामनगर, हेमपुर, मोहान और बैरापड़ाव के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
पूर्व सैनिकों ने दी बधाई
70 वर्ष की उम्र में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने पर कर्नल दिनेश बिष्ट को पूर्व सैनिक समुदाय की ओर से बधाइयां दी गईं। उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष एवं पूर्व मेजर जनरल एमएल असवाल, नैनीताल जिलाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस रौतेला समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
कर्नल बिष्ट की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत फिटनेस और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है, बल्कि युवा पीढ़ी के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को भी नियमित व्यायाम, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है।











