कैबिनेट बैठक और रंगोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने की नोडल अधिकारियों की ब्रीफिंग

खटीमा – बनबसा-चंपावत में चार अक्टूबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक और खटीमा में आयोजित होने वाले उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कैबिनेट बैठक में शामिल होने वाले मंत्रियों एवं शासन के उच्चाधिकारियों के जनपद भ्रमण तथा रंगोत्सव कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

शनिवार सुबह जिलाधिकारी ने सभी नामित नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

जिलाधिकारी ने विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का धरातल पर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी आपसी तालमेल बनाए रखें और किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी न होने दें। कार्यक्रमों के दौरान आने वाले अतिथियों के आवागमन, सुरक्षा, यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

तीन केंद्रीय मंत्रियों के पहुंचने का प्रस्ताव

खटीमा में आयोजित होने वाले उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम में तीन केंद्रीय मंत्रियों के पहुंचने का भी प्रस्ताव है। इसे देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

ब्रीफिंग में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय व कौस्तुभ मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, डीएफओ यूसी तिवारी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम ऋचा सिंह समेत नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें